Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ में ‘चावल उत्सव’: तीन माह का राशन एकमुश्त वितरण…7 अप्रैल से प्रदेश में आयोजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 7 अप्रैल को ‘चावल उत्सव’ मनाया जाएगा। इस अवसर पर हितग्राहियों को अप्रैल, मई और जून के तीन माह का चावल एकमुश्त वितरण किया जाएगा। भंडारण और वितरण की तैयारियां तेज हैं। पिछली बार दो माह का राशन एकमुश्त देने की योजना पूरी नहीं हो पाई थी, इस बार इसे सुधारकर तीन माह के लिए लागू किया जा रहा है।

मार्च में 7 लाख लोग रह गए राशन से वंचित

विभागीय जानकारी के अनुसार, मार्च माह में लगभग 7 लाख हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया था। इसे ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के मुख्यालय, नवा रायपुर में निगम अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।

अधिकारियों को मिले सख्त निर्देश

बैठक में सभी प्रमुख अधिकारियों और प्रदेश के जिला प्रबंधकों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए निर्देश दिए गए कि:

  • तीन माह का अनाज समय पर हितग्राहियों तक पहुँचाना सुनिश्चित किया जाए।
  • वितरण से पहले सभी उचित मूल्य दुकानों में पर्याप्त चावल उपलब्ध हो।
  • भंडारण या परिवहन में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तुरंत मुख्यालय को सूचित किया जाए।
  • जिलों के कलेक्टरों से संपर्क में रहकर समय सीमा के भीतर कार्य पूरा किया जाए।

दुकानों में स्टॉक और पारदर्शिता

खाद्य विभाग ने सभी दुकानों को 31 मार्च तक पर्याप्त चावल रखने के निर्देश दिए हैं। वितरण 30 अप्रैल तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। ‘चावल उत्सव’ के दौरान खाद्य, राजस्व और सहकारिता विभाग के अधिकारी निगरानी करेंगे। किसी भी गड़बड़ी, हेराफेरी या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों या दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!