Chhattisgarh

सक्ती में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाया हत्या का आरोप

सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गाड़ापाली में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Related Articles

जानकारी के मुताबिक, पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम तुपकधार कठली निवासी बीसीकेशन यादव ने अपनी बेटी नीतू यादव की शादी मई 2024 में गाड़ापाली निवासी रोहित यादव से की थी। विवाह के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन शादी के करीब एक वर्ष नौ महीने बाद 4 मार्च की रात अचानक नीतू की मौत की खबर मिलने से मायके पक्ष सदमे में आ गया।

बताया जा रहा है कि ससुराल पक्ष ने फोन कर नीतू की सामान्य मौत होने की जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर परिजन तुरंत गाड़ापाली पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बेटी को कमरे में मृत अवस्था में पाया। बेटी की अचानक मौत से परिवार में शोक और गुस्सा दोनों देखने को मिला।

परिजनों का आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें रात में नहीं दी गई और ससुराल पक्ष मामले को दबाने की कोशिश कर रहा था। इतना ही नहीं, सुबह शव के अंतिम संस्कार की तैयारी भी की जा रही थी। जब मायके वालों ने मृतका का चेहरा देखने की कोशिश की तो उन्हें रोक दिया गया, जिसके बाद उन्होंने डभरा पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साथ ही तहसीलदार और महिला पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों को मृतका का चेहरा देखने दिया गया।

मायके पक्ष का कहना है कि नीतू के गले और गर्दन के आसपास काले और खरोंच जैसे निशान दिखाई दिए, जिससे हत्या की आशंका और गहरा गई। परिजनों ने मृतका के पति, ससुर और सास पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए डभरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!