देश में पहली घटना, ट्रांस कपल ने दिया बच्चे को जन्म

कोझिकोड, 09 फरवरी। केरल में एक ट्रांस कपल (Transgender Couple) ने अब एक बच्चे को जन्म दिया है। देश में पहली बार ऐसा हुआ है। गौरतलब है कि, हाल ही में कोझिकोड के रहने वाले ट्रांस कपल जिया और जहाद ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रेग्नेंसी की तस्वीरें (pregnancy photos) शेयर की थीं। वहीं बीते बुधवार यानी 8 फरवरी को बच्चे का जन्म एक सरकारी अस्पताल में हुआ है। एक समाचार एजेंसी के मुताबिक, जिया पवल ने जानकारी दी कि, बच्चे का जन्म सुबह 9:30 बजे सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सिजेरियन सेक्शन के माध्यम से हुआ है। इसके साथ ही जिया ने यह भी बताया कि बच्चा और उनका पार्टनर जहाद दोनों ठीक और स्वस्थ्य हैं। आपको बता दें कि, डिलीवरी जहाद की हुई है। हालांकि, कपल ने नवजात शिशु की लैंगिक पहचान बताने से अभी साफ़ इनकार किया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल वे इसे सार्वजनिक नहीं करना चाहते हैं।
दरअसल खुद जिया ने हाल ही में इंस्टाग्राम के जरिये घोषणा की थी कि जहाद 8 महीने से प्रेग्नेंट है। जिया ने अपने एक एक इंस्टा पोस्ट में लिखा था, “हम मां बनने के मेरे सपने और पिता बनने के उसके ख्वाब को साकार करने वाले हैं। आठ महीने का बच्चा अब (जहाद के) पेट में है। हमें जो पता चला है, उसके अनुसार यह भारत में पहली ट्रांस पुरुष की प्रेग्नेंसी है।”
जानकारी के अनुसार, पावल और जहाद दोनों अपने लिंग बदलने के लिए हार्मोन थेरेपी से भी गुजरे थे, लेकिन बच्चा पैदा करने के लिए थेरेपी को रोकना पड़ा था। जानकारी हो कि, जहां पावल एक पुरुष थीं, जो लिंग बदलकर महिला ट्रांसजेंडर बनीं और जहाद एक लड़की थी, जो लिंग बदलकर अब पुरुष ट्रांसजेंडर बने। ऐसे में देश में अब यह ऐसा पहला मामला है, जब एक पुरुष ट्रांसजेंडर बच्चे को जन्म दिया है।