ChhattisgarhRaipur

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का महापर्व आज से शुरू, सीएम साय करेंगे शुभारंभ…

 रायपुर। छत्‍तीसगढ़ में गुरुवार से धान खरीदी उत्सव शुरू हो रहा है। 31 जनवरी तक चलने वाले इस उत्सव में खास बात यह है कि किसानों के खाते में इस वर्ष प्रदेश के कुल बजट का करीब 23 प्रतिशत से भी ज्यादा राशि पहुंचेगी। राज्य शासन ने इस वर्ष किसानों से कुल 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य रखा है, जो वर्ष 2023 की तुलना में 16 लाख मीट्रिक टन ज्यादा है।

पिछले वर्ष करीब 25 लाख किसानों के खाते में 30 हजार करोड़ रुपये की राशि पहुंची थी। खरीफ सीजन के लिए प्रदेश में पंजीकृत किसानों की संख्या 27,01,109 है। इस वर्ष 1,35,891 नए किसान पंजीकृत हुए हैं, जिससे 1,36,263 हेक्टेयर नवीन रकबों का पंजीयन किया गया है।कुल 34,51,729 हेक्टेयर रकबे में पंजीयन अनुसार धान खरीदी का अनुमान है। सभी उपार्जन केंद्रों में बायोमैट्रिक डिवाइस के माध्यम से खरीदी की जाएगी। किसानों के खाते में करीब 32 हजार करोड़ रुपये पहुंचेंगे। वित्तीय वर्ष 2024-25 में (ऋण चुकाने को छोड़कर) 1,47,440 करोड़ का बजट अनुमानित है।
CM साय ने अपने सोशल मीडिया में किया ट्वीट 
CM साय ने अपने सोशल मीडिया में ट्वीट कर लिखा है कि अन्नदाता साथियों के धान का एक-एक दाना खरीदना हमारा लक्ष्य है, जिसके तहत इस बार 27 लाख से अधिक किसानों का धान हमारी सरकार खरीदेगी और भुगतान भी 72 घंटे के अंदर सुनिश्चित करेंगे.

धान खरीदी की तैयारियां पूरी

राज्य शासन ने धान खरीदी को लेकर सारी तैयारियां पूर्ण कर ली है। खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने बताया कि इसमें लघु व सीमांत किसानों को अधिकतम दो टोकन व बड़े किसानों को तीन टोकन की पात्रता होगी। इसके साथ ही खरीदी में पारदर्शिता लाने के लिए इलेक्ट्रानिक कांटा-बाट से ही तौल की जाएगी। राज्य शासन ने शिकायत व निवारण के लिए हेल्प लाइन नंबर 0771-2425463 भी जारी किया है। प्रदेश में 2,739 उपार्जन केंद्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होगी।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!