Chhattisgarh

कटनी में दर्दनाक हादसा, हार्वेस्टर और बाइक की टक्कर में युवक की मौत

कटनी जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे ने एक युवक की जान ले ली। इंद्रा कॉलोनी के पास हार्वेस्टर और बाइक की जोरदार टक्कर में छत्तीसगढ़ के रहने वाले 26 वर्षीय होरीलाल बघेल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

Related Articles

मृतक की पहचान, घायल की हालत नाजुक

मृतक की पहचान बेमेतरा जिले के मोहतरा देऊर गांव निवासी होरीलाल बघेल के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल विपिन श्रीवास्तव, जो झिन्ना पिपरिया गांव का रहने वाला है, को पहले उमरिया पान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

ग्रामीणों में आक्रोश, स्पीड ब्रेकर की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि इन दिनों गेहूं कटाई के चलते बाहरी राज्यों से बड़ी संख्या में हार्वेस्टर मशीनें क्षेत्र में आती हैं और तेज रफ्तार के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने हार्वेस्टर चालक को पकड़कर डायल 112 के हवाले कर दिया। साथ ही उन्होंने इस स्थान पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग भी उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

पुलिस ने शुरू की जांच

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया। थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!