National

Weather Update: 19 राज्यों में अगले चार दिन भारी बारिश की चेतावनी, ऑरेंज अलर्ट जारी; केदारनाथ में हिमस्खलन

दिल्ली। दक्षिण पश्चिम मानसून लगभग पूरे देश में पहुंच गया है। देश के अधिकांश क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं, बिजली गिरने से यूपी में पांच लोगों की मौत हुई है और सात लोग घायल हुए हैं। असम में ब्रह्मपुत्र और सहायक नदियों में उफान आने से बाढ़ के हालात बिगड़ गए। दो लोगों की जान भी चली गई। मौसम विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत 19 राज्यों में तीन-चार दिन भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल प्रदेश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।

पंजाब से लेकर बंगाल तक झमाझम बरसेंगे मेघ
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश,पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़,बिहार, उप-हिमालयी क्षेत्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर तीन जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। साथ ही दिल्ली, ओडिशा, मध्य प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में छिटपुट स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। वही, भारी बारिश के कारणअहमदाबाद में सड़क धंस गई है।

एक-दो दिन में पूरे देश में पहुंच जाएगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून पंजाब, पश्चिम राजस्थान और हरियाणा के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ा है। इसने उत्तर प्रदेश, जम्मू और हिमाचल प्रदेश के सभी’ भागों को कवर कर लिया है। अगले दो से तीन दिन में पश्चिमी राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब के शेष भागों में पहुंचते ही मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।

दिल्ली में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विभाग ने दिल्ली में सोमवार और मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने सोमवार को तेज बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही, 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से तेज हवा और धूल भरी आंधी चल सकती है। इससे अधिकतम तापमान 33 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।

यूपी में अगले तीन से चार दिन तक भारी बारिश की चेतावनी
यूपी के कई हिस्सों में अगले तीन से चार दिन तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मानसून रविवार को पूरे प्रदेश में पहुंच गया। मौसम वैज्ञानिकों ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि जून के अंतिम दिन पूरे प्रदेश में सुबह साढ़े आठ बजे तक 63.3 मिमी बरसात रिकाॅर्ड हुई। वहीं जून माह में पूरे प्रदेश में 45.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

इन इलाकों में भारी बरसात की चेतावनी
देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुरखीरी, सहारनपुर, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट है। आजमगढ़, मऊ, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, शामली, मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, औरैया, अमरोहा, शाहजहांपुर व आसपास के इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

केदारनाथ में हिमस्खलन
उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में रविवार तड़के भीषण हिमस्खलन से लोगों की सांसें थम गईं। केदारनाथ मंदिर के पीछे पहाड़ से ग्लेशियर टूटकर गिरने लगा और इससे बर्फीला तूफान आ गया। हिमस्खलन केदारनाथ घाटी के ऊपरी छोर पर बर्फ से ढकी मेरु-सुमेरु पर्वत शृंखला के नीचे, चोराबाड़ी ग्लेशियर में गांधी सरोवर के ऊपरी क्षेत्र में हुआ। इसके वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि बर्फ का विशाल पहाड़ नीचे फिसल रहा है। राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारी नंदनसिंह राजवार ने बताया कि धूप के कारण बर्फ दरकने की आशंका है। पूरा इलाका सुरक्षित है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!