Chhattisgarh

SECR बॉक्सिंग स्टेडियम में शराब-चिकन पार्टी पर हाई कोर्ट सख्त, 12 कर्मचारियों पर विभागीय कार्रवाई

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के बिलासपुर मंडल में बॉक्सिंग स्टेडियम के अंदर हुई शराब और चिकन पार्टी अब कानूनी शिकंजे में आ गई है। इस मामले पर छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने सख्त रुख अपनाते हुए रेलवे प्रशासन से जवाब तलब किया है। कोर्ट की सख्ती के बाद 12 कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है, जबकि 7 कर्मचारियों को खेल गतिविधियों से हटा दिया गया है।

मामला तब सामने आया जब बॉक्सिंग स्टेडियम में स्पोर्ट्स ऑफिसर श्रीकांत पहाड़ी ने अपने साथी कोच देवेंद्र यादव का जन्मदिन मनाने के लिए पार्टी आयोजित की थी। पार्टी में खिलाड़ियों को भी शामिल किया गया था और इस दौरान मछली फ्राई, चिकन और शराब परोसी गई। पार्टी की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह विवाद तेजी से फैल गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए हाई कोर्ट ने 23 अक्टूबर को छुट्टी के दिन जनहित याचिका के रूप में सुनवाई की। कोर्ट ने SECR के महाप्रबंधक से शपथपत्र के साथ जवाब मांगा कि इस घटना के बाद क्या कदम उठाए गए हैं।

रेलवे की ओर से पेश हुए डिप्टी सॉलिसिटर जनरल रमाकांत मिश्रा ने कोर्ट को बताया कि 12 कर्मचारियों पर नियम 68 के तहत विभागीय जांच शुरू की गई है और 7 कर्मचारियों को स्पोर्ट्स एक्टिविटीज से निलंबित किया गया है।

हाई कोर्ट ने कहा कि यदि अदालत संज्ञान नहीं लेती तो यह मामला दबा दिया जाता। कोर्ट के इस एक्शन के बाद रेलवे विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अब सभी खेल परिसरों में अनुशासन और जिम्मेदारी पर जोर दिया जा रहा है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!