Chhattisgarh

कोर्ट रूम में घुसकर जज से अभद्रता, सुनवाई के दौरान मचाया हंगामा; बिलासपुर में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सत्र न्यायालय के कोर्ट रूम में घुसकर महिला जज से अभद्र व्यवहार करने और न्यायिक कार्यवाही में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक घटना सत्र न्यायालय में हुई, जहां महिला जज की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। आरोप है कि आरोपी अचानक कोर्ट कक्ष में घुस आया और सुनवाई के दौरान जोर-जोर से हंगामा करने लगा, जिससे अदालत की कार्यवाही प्रभावित हुई।

शिकायत में बताया गया है कि 3 मार्च 2026 को कोर्ट में एक जमानत आवेदन पर सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान आरोपी बिना किसी वैध कारण के अदालत में पहुंच गया और शोर मचाने लगा। इस दौरान उसने बच्चों से मिलने की बात कहते हुए जज के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

घटना के समय अदालत में कोर्ट स्टाफ के साथ कई अधिवक्ता भी मौजूद थे। आरोपी के इस व्यवहार से अदालत का माहौल बिगड़ गया और कुछ समय के लिए न्यायिक कार्यवाही बाधित हो गई।

शिकायत के अनुसार महिला जज और आरोपी का विवाह वर्ष 2011 में हुआ था, लेकिन करीब साढ़े तीन साल से दोनों अलग रह रहे हैं। जज ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी पहले भी कई बार बच्चों से मिलने के बहाने उनके निवास स्थान पर जाकर परेशान करता रहा है।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 267 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!