Chhattisgarh

दिनदहाड़े सनसनी: पुलिस बनकर आए बदमाशों ने किराना व्यवसायी का किया अपहरण, बंदूक की नोक पर घर से उठा ले गए..

गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के उषाढ़ गांव में शनिवार को दिनदहाड़े हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। खुद को पुलिसकर्मी बताने वाले दो अज्ञात बदमाशों ने एक किराना व्यवसायी को उसके घर से बंदूक की नोक पर जबरन उठाकर कार में बैठाया और फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

जानकारी के अनुसार, उषाढ़ गांव निवासी गिरीश यादव गांव में किराना व्यवसाय का संचालन करते हैं। शनिवार सुबह करीब 11 बजे वे अपने घर के गलियारे में आराम कर रहे थे। इसी दौरान ओडिशा पासिंग की एक नीले रंग की कार गांव में पहुंची। कार में दो युवक सवार थे, जिन्होंने गांव में पहुंचते ही पहले धनकुट्टी मिल के पास गिरीश यादव के घर की जानकारी ली।

इसके बाद दोनों युवक सीधे गिरीश यादव की किराना दुकान पहुंचे, जहां उनके पुत्र पंकज यादव मौजूद थे। आरोपियों ने सामान्य ग्राहक की तरह व्यवहार करते हुए पहले पानी और सिगरेट खरीदी ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। इसके बाद उन्होंने पंकज से कहा कि वह अपने पिता को बाहर बुलाए। परिजनों के अनुसार, जैसे ही पंकज अंदर जाने लगा, दोनों युवक जबरन घर के भीतर घुस गए। उस समय गिरीश यादव घर के अंदर आराम कर रहे थे। आरोपियों ने उन्हें पिस्तौल दिखाते हुए डराया और बिना कुछ स्पष्ट बताए बाहर चलने को कहा। जब परिवार के सदस्यों ने इसका विरोध किया और पूछताछ करने की कोशिश की, तब बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी।

घटना इतनी तेजी से हुई कि परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आरोपी गिरीश यादव को घर से बाहर लाए और जबरन कार में बैठाकर मौके से फरार हो गए।घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिवार ने तुरंत अपने परिचितों और आसपास के लोगों को फोन कर वाहन को रोकने और जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सके। पीड़ित की पत्नी दुर्गा यादव ने मरवाही थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वाहन और आरोपियों की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी वास्तव में कौन थे और उनका उद्देश्य क्या था।

इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिनदहाड़े घर में घुसकर इस तरह किसी व्यक्ति को उठा ले जाने की घटना से लोग सहमे हुए हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच और व्यवसायी की तलाश में जुटी हुई है।

Sumit Jalan Marwahi/Pendra

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!