मरवाही अपहरण मामला: नीली बत्ती वाली गाड़ी से अपहरण, फिर मांगी 20 लाख की फिरौती, पुलिस ने किया खुलासा..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले के मरवाही थाना क्षेत्र के ग्राम उषाढ़ में हुए सनसनीखेज अपहरण मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने अपहृत व्यक्ति को सुरक्षित बरामद करने के साथ आरोपियों के कब्जे से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन और फर्जी पुलिस वाहन भी जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, 20 जून 2026 की सुबह करीब 11 बजे ग्राम उषाढ़ निवासी गिरीश यादव (41 वर्ष) को दो अज्ञात व्यक्तियों ने पिस्टल दिखाकर घर से जबरन उठाकर एक बलेनो कार में बैठाकर अपहरण कर लिया। घटना की शिकायत पीड़ित की पत्नी ने थाना मरवाही में दर्ज कराई। मामले में थाना मरवाही पुलिस ने अपराध क्रमांक 110/2026 के तहत धारा 333, 140(3), 351(3), 3(5) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक जीपीएम मनोज खिलारी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिला साइबर सेल और मरवाही पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। जांच के दौरान अपहृत के घर में छूटे मोबाइल पर आरोपियों द्वारा कॉल कर उसे छोड़ने के बदले 20 लाख रुपये की फिरौती मांगी गई तथा रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), टावर लोकेशन, डिजिटल ट्रैकिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।
लगातार तकनीकी जांच और विभिन्न राज्यों में पुलिस टीम भेजकर अपहृत गिरीश यादव को सुरक्षित बरामद किया गया। साथ ही तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय मरवाही में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी..
पुंडलिक केंद्रे (37 वर्ष), जिला लातूर, महाराष्ट्र
चंद्रेशेखर (30 वर्ष), जिला जोधपुर, राजस्थान
शेषपाल सिंह (30 वर्ष), जिला फिरोजाबाद, उत्तर प्रदेश
बरामद सामग्री –
• एक पिस्टल एवं 6 जिंदा कारतूस
• 6 एंड्रॉइड मोबाइल फोन
• एक स्कॉर्पियो-एन वाहन, जिसमें नीली बत्ती और पुलिस लिखी प्लेट लगी थी।
