Chhattisgarh

सालेम इंग्लिश स्कूल प्रबंधन के बड़े फैसले पर हाईकोर्ट की मुहर, बच्चों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता

High Court endorses a major decision by Salem English School management, keeping children's future as the top priority

सालेम इंग्लिश स्कूल, रायपुर के प्रबंधन द्वारा विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए लिए गए महत्वपूर्ण प्रशासनिक निर्णयों को लेकर दायर याचिका पर आज छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने महत्वपूर्ण आदेश पारित किया।

Related Articles

विद्यालय के कुछ पूर्व शिक्षकों द्वारा अपनी सेवा समाप्ति के आदेश को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय में रिट याचिका दायर की गई थी। माननीय उच्च न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद यह स्पष्ट किया कि यह एक निजी अल्पसंख्यक शैक्षणिक संस्था से संबंधित सेवा विवाद है तथा इस प्रकार की याचिका संविधान के अनुच्छेद 226 के अंतर्गत विचारणीय नहीं है। न्यायालय ने याचिका को “Not Maintainable” मानते हुए निरस्त कर दिया तथा याचिकाकर्ताओं को विधि के अनुसार उपलब्ध अन्य वैधानिक उपाय अपनाने की स्वतंत्रता दी।

सालेम इंग्लिश स्कूल प्रबंधन ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा जो भी प्रशासनिक कदम उठाए गए, उनका एकमात्र उद्देश्य विद्यालय में अनुशासन बनाए रखना, शिक्षा व्यवस्था को सुचारु रूप से संचालित करना तथा हजारों विद्यार्थियों के भविष्य की रक्षा करना था। प्रबंधन का मानना है कि किसी भी शैक्षणिक संस्था का प्रथम दायित्व विद्यार्थियों के हितों की रक्षा करना और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना है।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि पिछले कुछ समय से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण प्रभावित करने के प्रयास किए गए, किंतु प्रबंधन ने हमेशा विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए शिक्षा व्यवस्था को निर्बाध रूप से जारी रखा। आज का न्यायालय का आदेश इस बात का संकेत है कि विद्यालय अपने प्रशासनिक निर्णय कानून के दायरे में रहकर लेने के लिए स्वतंत्र है।

प्रबंधन ने सभी अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को आश्वस्त किया है कि सालेम इंग्लिश स्कूल में नियमित रूप से कक्षाएं संचालित होंगी तथा शिक्षा की गुणवत्ता, अनुशासन एवं नैतिक मूल्यों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि न्यायालय के इस आदेश के बाद अब सभी का ध्यान केवल शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और विद्यालय की निरंतर प्रगति पर केंद्रित रहेगा। साथ ही प्रबंधन ने अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं शुभचिंतकों द्वारा व्यक्त विश्वास एवं सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!