रविवार को पदभार ग्रहण कर नए कलेक्टर विजय दयाराम ने दिया जनसेवा का संदेश..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले के नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम ने रविवार को शासकीय अवकाश होने के बावजूद अपना पदभार ग्रहण कर कार्यभार संभाल लिया। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) वर्ष 2015 बैच के अधिकारी विजय दयाराम के ने जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवकाश के दिन ही अपने दायित्वों का निर्वहन शुरू किया।

कलेक्ट्रेट पहुंचने पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान रावटे ने जिले की विशिष्ट पहचान और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा उत्पादित प्रसिद्ध विष्णुभोग चावल का पैकेट भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

स्वागत समारोह में अपर कलेक्टर दिलेराम डाहिरे, एसडीएम पेंड्रारोड अमित बेग, जिला कोषालय अधिकारी धर्मेंद्र सोनी सहित अन्य अधिकारियों ने भी नवपदस्थ कलेक्टर का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। वही नवपदस्थ कलेक्टर विजय दयाराम के के पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में प्रशासनिक कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। ।
