AmbikapurChhattisgarh

अवैध संबंध के शक में पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या, भाई को भी की मारने की कोशिश

अंबिकापुर। बतौली थाना क्षेत्र में चरित्र शंका में एक पति ने अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने अपने छोटे भाई को भी मारने के लिए दौड़ाया, लेकिन उसने भागकर अपनी जान बचाई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेदम के सेमरपारा निवासी प्यासो बाई (35 वर्ष) अपने पति प्रभुनारायण मंझवार (37 वर्ष) और 4 बच्चों के साथ रहती थी। उसका देवर भी साथ में ही रहता था। प्रभुनारायण अपनी पत्नी के चरित्र पर शंका करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा होता रहता था। गुरुवार की रात भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ।

प्रभुनारायण ने पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। शुक्रवार को आरोपी फिर से अपनी पत्नी को चरित्र शंका की बात को लेकर पीटने लगा। खुद को बचाने के लिए पत्नी शोर मचाते हुए घर से बाहर खलिहान में पहुंची। यहां पीछे से पति कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और पत्नी के गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गर्दन और गला कट जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पत्नी की हत्या करने के बाद उसने अपने छोटे भाई को भी कुल्हाड़ी लेकर मारने के लिए दौड़ाया। यह देख उसका भाई वहां से भाग निकला। इधर वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतका के देवर की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पहले भी पत्नी की हत्या का प्रयास किया था, इस मामले में वह जेल की सजा भी काट चुका है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!