Chhattisgarh

नक्सलियों ने ग्रामीण को उतारा मौत के घाट, पुलिस मुखबिरी का लगाया आरोप

नारायणपुर। जिले में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए एक ग्रामीण की हत्या कर दी है। नक्सलियों ने ग्रामीण का पहले गला रेता, फिर पत्थर से सिर कुचल कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को गांव के ही नजदीक फेंक दिया। मामला फरसगांव थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, देर रात 10 से 15 की संख्या में हथियारबंद नक्सली जिले के कड़हागांव पहुंचे और गांव के ग्रामीण रामलाल पोटाई (27) को घर से उठाकर जंगल की तरफ ले गए। जहां पहले उसकी पिटाई की फिर धारदार हथियार से गला रेता और पत्थर से सिर कुचल दिया। देर रात ही माओवादियों ने ग्रामीण के शव को गांव में फेंक दिया। शव के पास पर्चे भी फेंके हैं। जिसमें ग्रामीणों के लिए लिखा है कि, जनविरोधी, जन दुश्मन और गद्दार मत बनो। अपने ही पैरों पर कुल्हाड़ी मत मारो और अपनी ही उंगलियों से अपनी आंखें मत फोड़ो। मुखबिर बन कर अपनी संपति लूटने वालों का साथ मत दो। लुटेरों का साथ छोड़ो और जल-जंगल-जमीन का मालिक बनकर जिओ। यदि मुखबिर बनोगे तो रामलाल जैसी सजा मिलेगी।

सुबह इस वारदात की जानकारी गांव के ग्रामीणों ने पुलिस दी। मौके पर पहुंचे जवानों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। साथ ही इलाके की सर्चिंग की जा रही है। नक्सलियों की पूर्व बस्तर डिवीजन कमेटी ने हत्या की वारदात को अंजाम दिया है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!