ChhattisgarhRaipur

तिलक और आजाद की जयंती पर सीएम विष्णु देव साय ने दी श्रद्धांजलि, बताया प्रेरणा का स्रोत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वतंत्रता संग्राम के दो महानायकों लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक और चंद्रशेखर आजाद की जयंती (23 जुलाई) पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के लिए इन दोनों स्वतंत्रता सेनानियों का योगदान अविस्मरणीय और प्रेरणादायक है।

मुख्यमंत्री ने लोकमान्य तिलक को याद करते हुए कहा कि उनका उद्घोष – “स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा” – ने देश में आज़ादी की चेतना को प्रज्वलित किया। उन्होंने समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक एकता बढ़ाने के लिए गणेश उत्सव को सार्वजनिक मंच पर लाकर एक नई सामाजिक क्रांति की शुरुआत की।

वहीं, चंद्रशेखर आजाद के साहस और बलिदान को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका जीवन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, आत्मबल और अडिग संकल्प की भावना को जागृत करता है। आजाद न केवल स्वतंत्रता संग्राम के नायक थे, बल्कि वे युवाओं के लिए आदर्श और प्रेरणा के प्रतीक बन चुके हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि तिलक और आजाद का जीवन सिर्फ इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए राष्ट्रसेवा की जीवंत पाठशाला हैं। उनके आदर्श आज भी हमें देश और समाज के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन की प्रेरणा देते हैं।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!