ChhattisgarhRaipur

रायपुर सेंट्रल जेल से कैदी फरार, जेल प्रशासन में हड़कंप…पुलिस ने शुरू की तलाशी अभियान

रायपुर। राजधानी रायपुर के सेंट्रल जेल से गुरुवार दोपहर एक बड़ा मामला सामने आया है। एनडीपीएस एक्ट के तहत 15 साल की सजा काट रहा कैदी चंद्रवीर सिंह उर्फ पिंटू जेल प्रशासन को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद से जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे पुराने जेल मुख्यालय रायपुर से मरम्मत कार्य के लिए 5 दंडित बंदियों को काम पर भेजा गया था। इन कैदियों की निगरानी प्रहरी मनीष राजवाड़े कर रहा था। इसी दौरान मथुरा (उत्तर प्रदेश) निवासी चंद्रवीर उर्फ पिंटू अन्य कैदियों और प्रहरी को धोखा देकर करीब डेढ़ से दो बजे के बीच जेल परिसर के पीछे से फरार हो गया।

जब पिंटू नजर नहीं आया तो बाकी कैदियों और प्रहरी ने आसपास खोजबीन की, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसके बाद मामले की जानकारी जेल प्रशासन और पुलिस को दी गई। घटना की पुष्टि होते ही तुरंत एफआईआर दर्ज की गई और फरार कैदी की तलाश शुरू कर दी गई।

जेल प्रशासन ने गंभीर लापरवाही मानते हुए ड्यूटी पर तैनात प्रहरी मनीष राजवाड़े को निलंबित कर दिया है। पुलिस और जेल विभाग की टीमें मिलकर फरार कैदी की खोजबीन में जुटी हुई हैं।

यह घटना न केवल जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी गम्भीर चिंताएं पैदा कर रही है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!