ChhattisgarhPolitical

आज करेगी BJP जगदलपुर में उग्र आंदोलन

जगदलपुर। नक्सलियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों को निशाना बना कर हत्या किए जाने का विरोध करते हुए भाजपा के द्वारा उग्र आंदोलन की रणनीति बनाई गई है। आज बस्तर संभाग मुख्यालय जगदलपुर स्थित आईजी कार्यालय का घेराव भाजपा के कार्यकर्ता करेंगे। इस आंदोलन में प्रदेश अध्यक्ष सहित भाजपा के दिग्गज नेता शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा बस्तर में विधायक कार्यालय और मंडल स्तर पर भी प्रदर्शन करने की रणनीति भाजपा ने बनाई है। महामंत्री केदार कश्यप ने बताया 17 फरवरी को बस्तर संभाग को छोड़कर बाकी प्रदेश के हिस्सों में एक साथ 400 जगहों पर भाजपा के कार्यकर्ता प्रदर्शन करेंगे और सड़कों को जाम किया जाएगा।

केदार कश्यप ने कांग्रेस सरकार पर भाजपा नेताओं की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है उन्होंने कहा राज्य की कांग्रेस सरकार को जगाने के लिए भारतीय जनता पार्टी के द्वारा आगामी आज और 17 फरवरी को प्रदर्शन किया जाएगा। बस्तर क्षेत्र के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने इस महीने की पांच तारीख को भारतीय जनता पार्टी के आवापल्ली मंडल के अध्यक्ष नीलकंठ काकेम की हत्या कर दी थी। वहीं नारायणपुर जिले में भाजपा जिला उपाध्यक्ष सागर साहू की शुक्रवार को नक्सलियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। नक्सलियों ने बीते शनिवार को दंतेवाड़ा जिले के बारसूर थाना क्षेत्र के जंगल में हितामेटा गांव निवासी 43 वर्षीय पूर्व सरपंच रामधर आलमी की हत्या कर दी थी।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!