ChhattisgarhRaipur

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक : 17 जुलाई से होगा आगाज, होंगे 16 तरह के पारंपरिक खेल

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 2023-24 का आयोजन हरेली त्योहार के दिन 17 जुलाई से शुरू किया जाएगा। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक 6 चरणों में लगभग ढ़ाई महीने तक आयोजित होगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की विशेष पहल पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक खेल गतिविधियों को ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने, प्रतिभागियों को मंच प्रदान करने और उनमें खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा खेल भावना का विकास करने के लिए छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल का आयोजन किया जा रहा है।

Related Articles

खेल विभाग के अधिकारियों ने यह बताया कि, छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल प्रतियोगिता में बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक हिस्सा ले सकेंगे। प्रतियोगिता में दलीय और एकल श्रेणी में 16 तरह के पारम्परिक खेलों को शामिल किया गया है। इस बार के ओलंपिक में एकल श्रेणी में रस्सीकूद और कुश्ती को भी जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक के आयोजन का दायित्व ग्रामीण क्षेत्रों के लिए पंचायत और ग्रामीण विकास विभाग और नगरीय क्षेत्रों के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग को सौंपा गया है। प्रतियोगिता का समापन 27 सितंबर को होगा। छत्तीसगढ़िया ओलंपिक खेल में दलीय श्रेणी में गिल्ली डंडा, पिट्टूल, संखली, लंगड़ी दौड़, कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी और बांटी (कंचा) जैसी खेल विधाएं शामिल की गई हैं। वहीं एकल श्रेणी की खेल विधा में बिल्लस, फुगड़ी, गेड़ी दौड़, भंवरा, 100 मीटर दौड़, लम्बी कूद, रस्सी कूद और कुश्ती शामिल हैं।

अधिकारियों ने बताया कि, छत्तीसगढ़िया ओलंपिक का आयोजन ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में सबसे पहले राजीव युवा मितान क्लब स्तर पर प्रतियोगिता 17 से 22 जुलाई तक नॉकआउट पद्धति से होगा। वहीं दूसरा स्तर जोन है, जिसमें 8 राजीव युवा मितान क्लब को मिलाकर एक क्लब होगा। इसका आयोजन 26 से 31 जुलाई तक होगा। विकासखंड और नगरीय क्लस्टर स्तर पर आयोजन 7 से 21 अगस्त तक होगा। जिला स्तर पर आयोजन 25 अगस्त से 4 सितंबर तक होगा। संभाग स्तर पर आयोजन 10 से 20 सितंबर तक होगा और अंतिम में राज्य स्तर खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसका आयोजन 25 से 27 सितंबर तक होगा।

छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में आयु वर्ग को तीन वर्गों में बांटा गया है। इसमें प्रथम वर्ग 18 वर्ष की आयु तक, दूसरा वर्ग 18-40 वर्ष आयु सीमा तक और तीसरा वर्ग में 40 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी शामिल होंगे। इस प्रतियोगिता में महिला और पुरुष दोनों वर्ग में प्रतिभागी भाग ले सकेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़िया ओलंपिक में विकासखंड और नगरीय क्लस्टर स्तर पर विजेता प्रतिभागियों से लेकर राज्य स्तर के विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। विकासखंड और नगरीय क्लस्टर स्तर प्रथम आने वाल विजेता खिलाड़ियों को 1000 रुपए, द्वितीय स्थान आने पर 750 रुपए और तीसरा स्थान आने पर 500 रुपए की पुरस्कार राशि और प्रमाणपत्र दिया जाएगा। इसी तरह जिला स्तर पर प्रथम आने वाल विजेता प्रतिभागियों को 2000 रुपए की राशि, द्वितीय आने पर 1500 रुपए और तीसरे स्थान आने पर 1000 रुपए की राशि सहित प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। संभाग स्तर पर विजेता प्रतियोगियों को प्रथम आने पर 3000 रुपए, द्वितीय आने पर 2500 रुपए और तीसरे स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को 2000 रुपए और प्रमाण पत्र दिए जाएंगे। राज्य स्तर पर ओलंपिक के अंतिम आयोजन में प्रथम आने वाले प्रतिभागियों को 5000 रुपए, द्वितीय आने पर 4500 रुपए और तीसरे स्थान आने वाले खिलाड़ियों को 4000 रुपए की राशि और प्रमाणपत्र​ दिए जाएंगे।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!