National

डॉक्टर ने फुटपाथ से चोरी किए कंबल, पुलिस ने नाकाबंदी कर किया गिरफ्तार

राजस्थान। भरतपुर में पुलिस ने एक डॉक्टर और उसके साथियों को आधी रात फुटपाथ से कंबल चोरी करते गिरफ्तार किया है। डॉक्टर और उसके 3 साथियों ने फुटपाथ पर कंबल बेचने वाले व्यापारी के 8 कंबलों का गट्‌ठर चोरी कर लिया था।

पुलिस को रविवार की देर रात 2.45 बजे सड़क पर कंबल बेचने वाले ने सूचना दी थी कि सारस चौराहे पर उसकी दुकान से कंबल का गट्‌ठर चोरी हो गया है। इस पर गश्त अधिकारी को सूचना दी गई। उन्होंने इलाके में रात में ही नाकाबंदी करा दी। पुलिस की मोबाइल पार्टियां इलाके में सर्च कर रही थीं। इसी दौरान बी नारायण गेट के पास दो बाइक पर चार युवक आते नजर आए। पुलिस पार्टी को देखकर बाइक सवारों ने कंबल का गट्‌ठर फेंक दिया और भागने लगे तो पुलिस ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार देर रात दो बाइक पर डॉ. शैलेंद्र कुमार (27) पुत्र रामवीर, दीपक (22) पुत्र राधाकिशन, राहुल (21) पुत्र इंदर और एक नाबालिग निकले थे। इस दौरान वे सारस चौराहे पर तिरपाल लगाकर कंबल बेचने वाले मध्यप्रदेश के नीमच निवासी श्यामलाल की दुकान के पास रुके। इनमें से दो आरोपियों ने चाकू से तिरपाल को काटा और 8 कंबल दो बाइक पर लेकर भाग गए। श्यामलाल उस वक्त दुकान में ही सो रहा था। उसने शोर मचाया और तुरंत पुलिस को सूचना दे दी। सभी आरोपी पकड़े गए। इसके बाद श्यामलाल ने आरोपियों के खिलाफ मथुरा गेट थाने पहुंचकर चोरी का मामला दर्ज कराया। आरोपियों की दो बाइक और कंबल का गट्‌ठर जब्त कर लिया है।

बताया जा रहा है कि डॉ. शैलेंद्र कुमार BHMS (बैचलर इन होम्योपैथी मेडिकल एंड साइंस) है और एक निजी अस्पताल में कार्यरत है, जहां उसकी सैलरी 20 हजार रुपए प्रतिमाह है। शैलेंद्र करीब 8 महीने से प्रैक्टिस कर रहा है। पुलिस ने शैलेंद्र को पकड़ा तो वह सूट-बूट में था। बाद में थाने में वह पत्रकारों के कैमरों से बचता नजर आया। कंबल के गट्‌ठर की कीमत 5 हजार रुपए बताई जा रही है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!