गर्भ के अंदर पल रहे बच्चे की डॉक्टरों ने कर दी हार्ट सर्जरी, 90 सेकंड में किया कमाल

नई दिल्ली। एम्स दिल्ली में डॉक्टरों ने गर्भवती के गर्भ में ही बच्चे के दिल का सफल बैलून डाइलेशन किया है। डॉक्टरों ने मां के गर्भ में पल रहे बच्चे के अंगूर जितने छोटे दिल की सफल सर्जरी की। डॉक्टरों ने बैलून डाइलेशन सर्जरी करके बच्चे के दिल का बंद वाल्व को खोला। इस सर्जरी को डॉक्टरों ने सिर्फ 90 सेकेंड में पूरा किया। मां व बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। ऑपरेशन AIIMS के कार्डियोथोरासिक साइंस सेंटर में किया गया। अब टीम बच्चे के हार्ट चैम्बर्स की ग्रोथ को मॉनिटर कर रही है।
28 साल की महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। महिला की पिछली तीन प्रेग्नेंसी लॉस हो गई थीं। डॉक्टरों ने महिला को बच्चे की हार्ट कंडीशन के बारे में बताया था और इसे सुधारने के लिए ऑपरेशन की सलाह दी थी, जिसे महिला व उसके पति ने मान लिया। टीम ने बताया कि जब बच्चा मां के गर्भ में होता है, तब भी कुछ गंभीर तरीकों के हार्ट डिजीज का पता लगाया जा सकता है। अगर इन्हें गर्भ में ही ठीक कर दिया जाए तो जन्म के बाद बच्चे का स्वास्थ्य बेहतर रहने की संभावना बढ़ जाती है और बच्चे का सामान्य विकास होता है।
केवल 90 सेकंड में की सर्जरी
डॉक्टर ने कहा कि इस तरह की प्रक्रिया से भ्रूण के जीवन का खतरा हो सकता है और इसे अत्यंत सावधानी से किया जाना चाहिए। एम्स में कार्डियोथोरेसिक साइंसेज सेंटर की टीम के वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा, “आम तौर पर सभी प्रक्रियाएं हम एंजियोग्राफी के तहत करते हैं, लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया जा सकता है।” सब कुछ अल्ट्रासाउंड मार्गदर्शन के तहत किया जाता है और फिर इसे बहुत जल्दी करना होगा क्योंकि आप प्रमुख हृदय कक्ष को पंचर करने जा रहे हैं। इसलिए अगर कुछ गलत हो जाता है, तो बच्चा मर जाएगा। यह बहुत जल्दी होना चाहिए। हमने केवल 90 सेकंड में यह कर डाला था।”