Chhattisgarh

जगदलपुर में दिल दहला देने वाली घटना: BPCL कर्मचारी का शव घर में पड़ा मिला

जगदलपुर के लालबाग इलाके में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक घर से BPCL में कार्यरत अतुल शर्मा का शव मिलने की खबर ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। बताया जा रहा है कि अतुल शर्मा अपने परिवार से दूर, अकेले ही इस घर में रहते थे, जबकि उनके परिजन रायपुर में निवासरत हैं।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंच गए। प्रारंभिक जांच में घर अंदर से बंद पाया गया और मृतक की कलाई की नस कटी हुई थी। शुरुआती जांच से यह आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मौत हुई।

पड़ोसियों और केयरटेकर की भूमिका
जानकारी के अनुसार घर का केयरटेकर पिछले दिन वहां आया था और बेल बजाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद वह लौट गया। आज सुबह कॉलोनीवासियों ने घर से असामान्य बदबू आने पर संदेह किया और वार्ड पार्षद को सूचना दी। पार्षद ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। जब पुलिस पहुंची, तो बेड पर अतुल शर्मा की लाश पड़ी हुई थी और फर्श खून से सना हुआ था। पुलिस ने लाश की उम्र लगभग 2 से 3 दिन बताई है।

आत्महत्या या कुछ और?
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!