ChhattisgarhRaipur

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, रायपुर में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंडी हवाओं का असर दिखने लगा है। बस्तर संभाग समेत कई जिलों में शीतलहर चल रही है। कवर्धा में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। यह पूरे प्रदेश में सबसे कम है। वहीं कवर्धा की चिल्फी घाटी में घर के बाहर बाल्टी में रखा पानी जमने लगा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो गया है।

Related Articles

मौसम विभाग ने 10 जनवरी तक सरगुजा, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के 9 जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। चेतावनी के मुताबिक अगले 48 घंटों के लिए प्रदेश के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, कबीरधाम, बिलासपुर, पेण्ड्रा रोड, दुर्ग और उससे लगे जिलों में एक-दो पॉकेट में शीतलहर चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने एक दिन पहले 9 जनवरी तक के लिए ऐसी ही चेतावनी जारी की थी। विभाग ने रविवार सुबह न्यूनतम तापमान के आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक कबीरधाम का न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री सेल्सियस रहा। विभाग का कहना है, प्रदेश में न्यूनतम तापमान गिरावट की अपनी चरम स्थिति पर पहुंच चुका है, ऐसे में न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। 10 जनवरी तक यह स्थिति संभावित है।

रायपुर में 10.1 डिग्री सेल्सियस तापमान

राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 10.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह एक दिन पहले के न्यूनतम तापमान से एक डिग्री सेल्सियस कम है। यह सामान्य से भी दो डिग्री सेल्सियस कम है। रायपुर के आसपास महासमुंद और दुर्ग में न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस हो चुका है। वहीं राजनांदगांव का न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री और बलौदा बाजार का 6.8 डिग्री सेल्सयस मापा गया है। इन इलाकों में सुबह मध्यम से घने स्तर का कोहरा छा रहा है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!