राकेश जालान की पहल रंग लाई: केसरवानी समाज भवन के लिए 20 लाख की स्वीकृति; पेंड्रा बाईपास पर भी मिला सकारात्मक आश्वासन..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- नगरपालिका परिषद पेंड्रा के अध्यक्ष राकेश जालान ने मंगलवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रेस क्लब पेंड्रा द्वारा पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग को लेकर किए गए धरना-प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जानकारी देते हुए प्रेस क्लब का ज्ञापन उपमुख्यमंत्री को सौंपा तथा बाईपास निर्माण की दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

राकेश जालान ने कहा कि पेंड्रा नगरवासियों की वर्षों पुरानी बाईपास निर्माण की मांग पूरी होने से शहर में यातायात का दबाव कम होगा, दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी और आमजन को बड़ी राहत मिलेगी। इस पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने विषय पर सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया। मुलाकात के दौरान नगरपालिका परिषद पेंड्रा के उपाध्यक्ष शरद गुप्ता भी मौजूद रहे।

इसके बाद राकेश जालान के नेतृत्व में केसरवानी समाज के प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री से समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल की मांग पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने तत्काल 20 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की। इस घोषणा के बाद समाज के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर केसरवानी समाज के जिला अध्यक्ष हरवंस गुप्ता, राजकुमार केसरी, देवनारायण केसरी, सिद्धार्थ गुप्ता सहित समाज के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
नगरपालिका अध्यक्ष राकेश जालान ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेंड्रा बाईपास निर्माण की मांग पर मिला सकारात्मक आश्वासन तथा केसरवानी समाज भवन के लिए 20 लाख रुपये की स्वीकृति क्षेत्र के विकास और समाजहित में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य सरकार के सहयोग से क्षेत्र की अन्य विकास संबंधी मांगों पर भी जल्द सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे।
