Chhattisgarh

ACB की बड़ी कार्रवाई…नवागढ़ नगर पंचायत का लेखापाल 8 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा : ACB कार्रवाई के तहत भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी सफलता सामने आई है। एसीबी इकाई बिलासपुर ने जांजगीर जिले की नवागढ़ नगर पंचायत के लेखापाल को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। खास बात यह है कि इसी दिन एसीबी ने जिले के CSEB ग्रामीण कार्यालय में भी छापा मारकर तीन कर्मचारियों को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। इससे साफ है कि जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि नवागढ़ निवासी अब्दुल वहाब ने एसीबी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कहा गया था कि उनकी फर्म ने वित्त वर्ष 2024-25 में नगर पंचायत नवागढ़ क्षेत्र में अधोसंरचना और मरम्मत से जुड़े काम किए थे। इन कार्यों की करीब 2,03,000 रुपये की बिल राशि का चेक जारी कराने के बदले लेखापाल 16 हजार रुपये रिश्वत मांग रहा था। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पहले ही 6 हजार रुपये दे चुका है, जबकि आरोपी 10 हजार रुपये और मांग रहा था। जांजगीर-चांपा ACB कार्रवाई इसी शिकायत के बाद शुरू हुई।

जांच और सत्यापन के दौरान शिकायत सही पाई गई। मोलभाव के बाद आरोपी 10 हजार की जगह 8 हजार रुपये लेने पर राजी हो गया। इसके बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। 20 मार्च को शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम देने भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने प्रार्थी से 8 हजार रुपये लेकर अपनी कार में रखे, पहले से आसपास मौजूद एसीबी टीम ने ग्राम सेमरा के पास उसे पकड़ लिया।

एसीबी ने आरोपी के पास से रिश्वत की 8 हजार रुपये की रकम बरामद कर ली है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। जांजगीर-चांपा ACB कार्रवाई ने एक बार फिर यह दिखाया है कि शिकायत के आधार पर एजेंसी तेजी से कार्रवाई कर रही है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!