सरकारी नौकरी का झांसा देकर 22 लाख रुपए की ठगी…मामला और आरोपियों की पहचान

रायगढ़, 7 अप्रैल 2026 – रायगढ़ जिले में चार लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 22 लाख 70 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपी दंपति ने खुद को कृषि मंत्री रामविचार नेताम का बहनोई बताया और फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर देकर पीड़ितों को भरोसा दिलाया। यह घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
ठगी का तरीका
पीड़ित समारू राम टंडन (51) की रायपुर में राम ठाकुर (60) और उनकी पत्नी सोहद्रा बाई ठाकुर (55) से मुलाकात हुई। आरोपियों ने मंत्रालय में अपनी पैठ का दावा करते हुए सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। पीड़ित ने अपने बेटे के लिए डेटा एंट्री पद पर नौकरी दिलाने हेतु राशि दी, जबकि उनके परिचितों ने भी नौकरी के नाम पर पैसे दिए।
फर्जी दस्तावेज और ज्वाइनिंग में टालमटोल
पैसे लेने के बाद आरोपी दंपति ने पीड़ितों को अपने घर बुलाकर फर्जी अपॉइंटमेंट लेटर थमा दिए। जॉइनिंग के लिए लगातार टालमटोल किया गया। जब जॉइनिंग नहीं हुई, तब पीड़ितों को ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस कार्रवाई
पीड़ितों की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









