Chhattisgarh

पुनर्मूल्यांकन के बाद चमकी आकृति साहू की सफलता, राज्य मेरिट में हासिल किया 8वां स्थान — कलेक्टर से की सौजन्य भेंट

गौरेला पेंड्रा मरवाही:- स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा की मेधावी छात्रा आकृति साहू ने पुनर्मूल्यांकन के बाद शानदार सफलता हासिल करते हुए जिले और विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। पुनर्मूल्यांकन के उपरांत उनके 4 अंक बढ़ने से कुल प्राप्तांक 484 हो गया, जिसके आधार पर उन्होंने छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की कक्षा 12वीं की राज्य मेरिट सूची में 8वां स्थान प्राप्त किया। वहीं निर्धारित बोनस अंक जोड़े जाने के बाद उनका कुल प्राप्तांक 494 (98.80 प्रतिशत) दर्ज किया गया।

Related Articles

आकृति साहू इससे पहले भी कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में राज्य मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। लगातार दो बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उन्होंने यह साबित किया है कि समर्पण, अनुशासन और सतत परिश्रम से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं।

अपनी इस उल्लेखनीय सफलता के बाद आकृति साहू ने अपने परिवारजनों के साथ कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन से सौजन्य भेंट की। इस दौरान कलेक्टर ने छात्रा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि आकृति की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी तथा कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से बेहतर परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं।

कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी रजनीश तिवारी को निर्देशित किया कि जिले के टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले चारों विद्यार्थियों के साथ विद्यालयों में संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि विद्यार्थी अपनी अध्ययन पद्धति, समय प्रबंधन और सफलता के अनुभव अन्य बच्चों के साथ साझा कर सकें और जिले के अधिक विद्यार्थी भविष्य में राज्य मेरिट सूची में स्थान बना सकें।

विद्यालय के प्राचार्य भुवाल सिंह पैकरा ने भी छात्रा को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता शिक्षकों के समर्पित प्रयास, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम विद्यालय पेंड्रा के कक्षा 12वीं के तीन विद्यार्थियों ने राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में स्थान बनाकर विद्यालय एवं जिले को गौरवान्वित किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन, पूर्व प्राचार्य वी. के. वर्मा के शैक्षणिक नेतृत्व तथा शिक्षकों के सतत प्रयासों से यह शासकीय विद्यालय प्रदेश में उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों का नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। आकृति साहू की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षा विभाग, अभिभावकों एवं जिलेवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

Sumit Jalan Marwahi/Pendra

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!