CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत का असर: अवैध उत्खनन और रेत परिवहन पर कार्रवाई, 3 जेसीबी और 3 ट्रैक्टर जब्त..

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही:- जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर जिला खनिज उड़न दस्ता दल द्वारा की गई।

जानकारी के अनुसार, देवराजपारा–सधवानी और बंधी–बचरवार क्षेत्र में खनिज मुरूम एवं मिट्टी का अवैध उत्खनन करते पाए जाने पर 3 जेसीबी वाहन जब्त किए गए। वहीं सिलपहरी क्षेत्र में अवैध रूप से रेत परिवहन करते पाए जाने पर 3 ट्रैक्टर वाहनों को भी कब्जे में लिया गया। बताया गया कि साधवानी के ग्रामीणों ने सीएम हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1076 और कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर ने तत्काल खनिज विभाग को जांच के निर्देश दिए। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर विभाग ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान देवराजपारा–सधवानी क्षेत्र से 2 जेसीबी, बंधी–बचरवार से 1 जेसीबी तथा सिलपहरी क्षेत्र से 3 रेत परिवहन कर रहे ट्रैक्टर जब्त कर सुरक्षित रूप से पुलिस लाइन अमरपुर में खड़ा कराया गया है।सभी वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। निर्धारित अर्थदंड एवं समझौता राशि जमा करने के बाद ही वाहन मुक्त किए जाएंगे।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई दल में सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर, खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, खनिज सिपाही शिवकुमार लहरे एवं नगर सैनिक सतीश साहू शामिल रहे।