मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल..
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले के थाना पेंड्रा अंतर्गत चौकी कोटमी के ग्राम मटियाडाड़ में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक की मारपीट के बाद उपचार के दौरान मौत हो जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक रामकुमार चौधरी मानसिक रूप से अस्वस्थ था। घटना की रिपोर्ट उसकी बहन बृहस्पतिया बाई ने थाना पेंड्रा में दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि 29 जुलाई 2026 की सुबह करीब 6 बजे गांव के ही राजकमल उर्फ गोपी चौधरी और परमेश्वर प्रसाद चौधरी रामकुमार के घर पहुंचे और उसके द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगाकर विवाद करने लगे। उस समय बृहस्पतिया बाई ने दोनों को समझाइश देकर शांत कराया और खेत चली गई।
कुछ समय बाद खेत से लौटने पर परिजनों को पता चला कि दोनों आरोपियों ने रामकुमार के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी तथा हाथ-मुक्कों और पत्थर से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में रामकुमार के सिर, चेहरे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल गौरेला लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में थाना पेंड्रा एवं चौकी कोटमी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। घायल की मृत्यु के बाद प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 296, 351(3), 115(2), 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर भी जब्त कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों में राजकमल उर्फ गोपी चौधरी (26 वर्ष) एवं परमेश्वर प्रसाद चौधरी (29 वर्ष) निवासी ग्राम मटियाडाड़ शामिल हैं। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय पेंड्रारोड में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि जिले में गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है तथा आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


