बचरवार में पुलिस की दबिश, 18 किलो 450 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
गौरेला पेंड्रा मरवाही:- जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पेंड्रा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा एसडीओपी पेंड्रा के मार्गदर्शन में थाना पेंड्रा पुलिस ने ग्राम बचरवार में दबिश देकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बचरवार में अवैध गांजे का कारोबार किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोनू राठौर (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 18 पैकेट में कुल 18 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 260/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।


