Chhattisgarh

मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी : कई जिलों में अगले 18 घंटे बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट

छत्तीसगढ़ में मौसम का उलटफेर का दौर जारी है। मौसम विभाग ने फिर से 18 घंटे के लिए ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, ओलाबारी और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

छत्तीसगढ़ में शनिवार को अंधड़, बारिश के बाद गाज गिरने से मनेंद्रगढ़ में 3 लोगों की मौत हो गई थी। विशेषज्ञों ने आने वाले 2 दिनों में फिर एक बार पूरे प्रदेश में बारिश, बिजली और अंधड़ चलने के आसार जताए हैं। हालांकि आज रायपुर में बारिश की संभावना कम है लेकिन प्रदेश के बाकी जिलों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है।

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि प्रदेश में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की सबसे ज्यादा रफ्तार से बैकुंठपुर जिले में आंधी चली। जशपुर में हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे थी। इसी तरह बस्तर संभाग में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चली है। रायपुर और दुर्ग संभाग में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से थी। बिलासपुर जिले में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली। जिससे लोगों को काफी नुकसान झेलना पड़ा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़ और धमतरी जिले के कई स्थानों में ओले भी गिरे जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ है।

आने वाले 18 घंटों के लिए इन जिलों में अलर्ट

ऑरेंज अलर्ट –
प्रदेश के कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा, जशपुर, सुकमा, बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर और दंतेवाड़ा में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और आकाशीय बिजली गिरने साथ ही अंधड़ चलने और एक-दो स्थानों पर ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है।

येलो अलर्ट –
प्रदेश के बिलासपुर, पेंड्रा, मुंगेली, कबीरधाम,रायगढ़,कोरबा, कांकेर और कोंडागांव जिले के एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने और अंधड़ चलने साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।

प्रदेश के इन जिलों में बारिश की स्थिति

मिलीमीटर में आंकड़े

बैकुंठपुर 2.5, जशपुर 9.5, बिलासपुर 4.0, रायगढ़ 0.5, सारंगढ़ 16.0, महासमुंद 14.0, कबीरधाम 4.5, राजनांदगांव 3.0, धमतरी 17.0 कांकेर, 13.5 नारायणपुर 12.5, बीजापुर 4.5, रायपुर 10, अंबिकापुर 4, पेण्ड्रा रोड 15

आने वाले 2 दिनों में सावधान रहने की जरूरत

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक बस्तर संभाग और रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में तेज अंधड़ के साथ बारिश हो सकती है। वहीं उत्तरी सरगुजा संभाग में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका ज्यादा बनी रहती है। इसलिए यहां रहने वाले लोगों को सावधान रहने की जरूरत है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!