ChhattisgarhRaipur

छत्तीसगढ़ से हुई मानसून की विदाई,जल्द होगी तापमान में गिरावट,दिवाली के बाद होगी ठंड की दस्तक

रायपुर। छत्तीसगढ़ समेत पूरे भारत से दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई हो गई है, और अब प्रदेश के मौसम में धीरे-धीरे बदलाव देखा जा रहा है। मंगलवार को मानसून की वापसी के बाद अब ठंडी हवाओं के आगमन की संभावना बढ़ गई है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में तेज गिरावट देखने को मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 10 दिनों में प्रदेश के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट हो सकती है, जो प्रदेशवासियों के लिए ठंड का एहसास कराएगी। फिलहाल उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं, लेकिन सुबह के समय हल्की ठंडक का भी अनुभव हो रहा है। हालांकि, दिन में तेज धूप निकलने से गर्मी का असर बना हुआ है।
मौसम विभाग ने यह भी जानकारी दी है कि प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, बीच-बीच में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में आसमान साफ रहेगा, जिससे तापमान में और गिरावट हो सकती है। इस बदलाव से लोग थोड़ी राहत की उम्मीद कर रहे हैं, खासकर वे लोग जो लंबे समय से उमस और गर्मी का सामना कर रहे हैं।

रात के तापमान में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। पूर्वी-उत्तर पूर्वी हवाओं का भारत के दक्षिणी प्रायद्वीपीय क्षेत्र में प्रवेश हो चुका है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और आकाशीय बिजली के साथ छींटे पड़ने की संभावना बनी हुई है। बुधवार को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। न्यूनतम तापमान में भी हल्की गिरावट देखी जा सकती है, लेकिन नमी की मात्रा बढ़ने के कारण रात का तापमान बढ़ने की संभावना भी बनी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को आसमान में केवल 30 फीसदी बादल छाए रहे, और हवा में नमी की मात्रा भी 10 फीसदी कम हो गई। इसका असर प्रदेश के तापमान पर पड़ा है, जिससे 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि यह गिरावट अभी मामूली है, लेकिन आने वाले दिनों में यह और बढ़ सकती है।

प्रदेश में ठंडक बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। तापमान में यह गिरावट ठंडी हवाओं के आगमन और बादलों के छंटने के साथ और स्पष्ट हो जाएगी। आगामी दिनों में लोगों को सर्दियों की शुरुआत का आभास हो सकता है, जो ठंड के मौसम की ओर संकेत करता है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!