ChhattisgarhRaipur

छत्तीसगढ़ में मानसून का सिस्टम हुआ कमजोर, अगले कुछ दिनों में कम होगी बारिश, हल्की बारिश की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बारिश का सिस्टम अब कमजोर हो रहा है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में तेज बारिश की संभावना कम हो गई है। हालांकि, कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बलरामपुर जिले के कुछ स्थानों पर भारी बारिश भी हुई है। राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो पूरे राज्य में सबसे अधिक था। वहीं सबसे कम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग और पेंड्रारोड में दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर से लेकर बंगाल की खाड़ी तक विस्तारित है। यह रोहतक ,बांदा ,सीधी ,रांची ,डायमंड हार्बर से होकर गुजर रही है। साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण गंगेटिक पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में सक्रिय है, जो 9.6 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला हुआ है।

इसके अलावा पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है, जो 70 डिग्री पूर्व और 32 डिग्री उत्तर में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर द्रोणिका के रूप में स्थित है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां तापमान 26 डिग्री सेल्सियस से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है, जिससे मौसम सुहावना बना रह सकता है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!