ChhattisgarhRaipur

छत्तीसगढ़ में आई फ्लू का कहर : इस जिले में मिले 500 से ज्यादा मरीज…बच्चों में तेजी से फैल रही बीमारी

रायपुर। बारिश का मौसम शुरू होने से गर्मी से तो लोगों को राहत मिल गई है, लेकिन इन दिनों पूरे छत्तीसगढ़ में बड़ी तेजी से आई फ्लू फैल रही है। सभी जिलों में आंख के संक्रमण से लोग परेशान है। वहीं दुर्ग जिले में अस्पताल पहुंचने वाला हर चौथा मरीज कंजक्टिवाइटिस की समस्या लेकर अस्पताल पहुंच रहा है। खासकर बच्चों में यह बीमारी तेजी से फैल रही है। जबकि बिलासपुर जिले में बीते दो दिनों में 500 मरीज मिले हैं।

दो घंटे में मिले 70 से अधिक मरीज
वहीं, दुर्ग जिले में तेजी से फैल रही आई फ्लू के कारण स्वास्थ्य विभाग प्रभावित इलाके में शिविर लगाकर जांच कर रहा है। दो दिन पहले खुर्सीपार क्षेत्र के शिवाजी नगर में शिविर लगाया गया था। इसमें दो घंटे के अंदर ही कंजक्टिवाइटिस के 70 से अधिक मरीज पहुंच गए थे। इसमें बच्चों से लेकर, गर्भवती महिलाएं, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल थे। खुर्सीपार प्रभारी डॉ. सोनिका चौरसिया ने बताया कि, अधिकतर मरीज आखों में अधिक लालिमा और दर्द की समस्या को लेकर पहुंचे थे। डॉ. संगीता भाटिया ने बताया कि जिला अस्पताल में हर दिन कंजक्टिवाइटिस के 10-12 मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। इसमें स्कूली छात्रों की संख्या अधिक है। इसमें सबसे राहत की बात यह है कि यह बीमारी हल्की एंटीबायोटिक देने से ही कंट्रोल हो जा रही है।

स्कूलों में अलर्ट जारी
बिलासपुर में शहर समेत पूरे जिले में पिछले दो दिनों में आई फ्लू के 500 से ज्यादा मरीज मिल चुके हैं। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्कूलों में अलर्ट जारी किया है। शहर में रोजाना 40 से 50 केस सामने आ रहे हैं। बढ़ते मामलों को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. राजेश शुक्ला ने प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे करने के साथ ही मरीजों में आई ड्रॉप का वितरण करने के लिए कहा है। वहीं इस बीमारी से बचने के लिए लोगों को सावधानी बरतने और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया जा रहा है। इधर, स्कूली बच्चों में संक्रमण न फैले इसके लिए प्राइवेट स्कूल प्रबंधन ने पीड़ित बच्चों को स्कूल नहीं भेजने की हिदायत दी है।

Surendra Sahu

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!