Chhattisgarh

लैंड जिहाद! राष्ट्रपति के दत्तक पुत्रों की जमीन पर मुस्लिम समुदाय का कब्जा, कलेक्टर ने दिए जांच के ओदश

अंबिकापुर/सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जमीन विवाद को लेकर नया मामला सामने आया है। उदयपुर क्षेत्र के राजा कटेल गांव में पंडो विशेष पिछड़ी जनजाति समाज के लोगों ने आरोप लगाया है कि उनकी जमीन पर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इस संबंध में ग्रामीणों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत मिलने के बाद सरगुजा कलेक्टर ने पूरे मामले की जांच के लिए संबंधित एसडीएम को निर्देश दिए हैं। वहीं गांव के लोगों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई करते हुए जमीन खाली कराने की मांग की है। इस मुद्दे को लेकर अब राजनीतिक बयान भी सामने आने लगे हैं और भारतीय जनता पार्टी ने भी प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग की है।

एसपी कार्यालय पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
पंडो विशेष पिछड़ी जनजाति समाज के लोग अंबिकापुर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन देकर मामले में कार्रवाई की मांग की। इस दौरान आदिवासी समाज के पदाधिकारी और कुछ हिंदू संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले मुस्लिम समुदाय के दो-तीन लोग गांव में आए थे और उन्होंने खुद को बकरी व्यापार से जुड़ा बताया था। उस समय उन्होंने बकरियों को रखने के लिए अस्थायी रूप से झोपड़ी बनाने की अनुमति मांगी थी।

धीरे-धीरे बढ़ी लोगों की संख्या
ग्रामीणों के अनुसार शुरुआत में कुछ लोग ही आए थे, लेकिन समय के साथ अन्य लोग भी वहां बसने लगे और झोपड़ियां बनाकर रहने लगे। उनका आरोप है कि जब उनसे जमीन खाली करने को कहा गया तो उन्होंने मना कर दिया और स्थायी रूप से वहीं रहने लगे।

धमकी देने के आरोप भी लगे
गांव के लोगों का कहना है कि अब ये लोग खुद को गांव का निवासी बताकर सरकारी योजनाओं का लाभ भी लेने लगे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जब उनसे जमीन खाली करने की बात कही जाती है तो वे धमकी देते हैं, जिससे जनजातीय परिवारों में डर का माहौल बना हुआ है।

15 एकड़ से ज्यादा जमीन पर कब्जे का दावा
ग्रामीणों के मुताबिक पिछले कुछ वर्षों में गांव में 200 से अधिक मुस्लिम समुदाय के लोग बस गए हैं, जिनमें से कई लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल से आने की बात कही जा रही है। उनका आरोप है कि करीब 20 जनजातीय परिवारों की लगभग 15 एकड़ जमीन पर कब्जा कर लिया गया है।

बीजेपी ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग
इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भी प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। भाजपा के जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया सहित पार्टी के कुछ नेता हाल ही में राजा कटेल गांव पहुंचे थे और ग्रामीणों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

टीएस सिंहदेव का भी आया बयान
मामले को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का भी बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग उनसे मिलने आए थे और उन्होंने बताया कि वे लगभग 25–30 वर्षों से माजा ग्राम पंचायत के राजा कटेल गांव में रह रहे हैं।

सिंहदेव के मुताबिक वहां करीब 10 परिवार रहते हैं, जिनमें से चार परिवार पंडो जनजाति के लोगों की पट्टे की जमीन पर रह रहे हैं, जो नियमों के अनुरूप नहीं है। बाकी परिवार गौचर की सरकारी जमीन पर मकान बनाकर रह रहे हैं और कुछ को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिला है।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग इस मुद्दे को बहुसंख्यक और अल्पसंख्यक के नजरिए से पेश कर राजनीतिक माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। सिंहदेव ने कहा कि पूरे मामले में प्रशासन को तथ्यों और नियमों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!