National

नर्मदा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं का वाहन पलटा, 16 घायल; 2 गंभीर

मध्यप्रदेश। भूतड़ी अमावस्या पर नर्मदा स्नान और भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए ओंकारेश्वर आ रहे श्रद्धालुओं का वाहन सनावद के निकट पलटने से करीब 16 लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सनावद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें इंदौर रेफर किया गया है।

आगर मालवा जिले के ग्रामीण लोडिंग पिकअप वाहन में सलकनपुर देवी धाम से ओंकारेश्वर आ रहे थे। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे खंडवा जिले में पुनासा- सनावद मार्ग पर थाना धनगांव के क्षेत्रांतर्गत ग्राम करौली में पिकअप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही सनावद में भूतड़ी अमावस्या पर सुरक्षा इंतजाम में तैनात सभी एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। एंबुलेंस से सभी घायलों को सनावद अस्पताल लाकर भर्ती करवाया गया है।पिकअप में 35 से अधिक लोग सवार थे। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। घायल 16 ग्रामीणों में दो की हालत ज्यादा गंभीर है। मामूली चोट वालों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, वहीं 10 घायलों को इंदौर रेफर किया है। बाकी 6 घायलों का इलाज सनावद अस्पताल में चल रहा है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!