ChhattisgarhRaipur

द्रौपदी मुर्मू की जीत पर जनजातीय इलाकों में होगा जश्न, तैयारियां शुरू…

रायपुर   : छत्तीसगढ़ BJP संगठन के नेताओं की रविवार को दिन भर बैठक होती रही। पार्टी की अलग-अलग इकाइयों की बैठक राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने ली। बस्तर और सरगुजा सियासी तौर पर भाजपा के फोकस में हैं। वहां पर पार्टी अपने को और मजबूत करने में लगी है। राष्ट्रपति चुनाव के बहाने यहां विधानसभा चुनावों को लेकर माहौल बनाने की तैयारी है।

Related Articles

राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश ने बैठक के दौरान पार्टी के जनजातीय समुदाय से आने वाले नेताओं से बात की। सभी को खास टास्क सौंपा है। अगर राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू चुन ली जाती हैं तो जनजातीय इलाकों में भारतीय जनता पार्टी अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाएगी।

साल 2023 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी अपनी रणनीति तैयार कर रही है। आदिवासी इलाकों में पिछले विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मुंह की खानी पड़ी थी। अब इन्हीं इलाकों में अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश एक बार फिर से संगठन के नेताओं को दी गई है। पार्टी ने आदिवासी नेताओं को बाकायदा इसके लिए टास्क भी दिया है।

शिव प्रकाश ने बैठक में कहा है कि प्रदेश के जनजातीय इलाकों में उत्सव का माहौल बनाना है । द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति बनती हैं तो इस बात को पुरजोर तरीके से आदिवासी लोगों के बीच जाकर बताया जाएगा कि भाजपा की वजह से उनको मौका मिला है। पहली बार देश में आदिवासी समुदाय से एक महिला राष्ट्रपति के लिए चुनी गई। देश से सबसे बड़े संवैधानिक पद पर जनजातीय समूह की महिला को मौका मिला।

जश्न की तैयारी
अगर मुर्मू को ही राष्ट्रपति के लिए चुना जाता है तो भारतीय जनता पार्टी जनजातीय क्षेत्रों में जश्न मनाएगी। चूंकि देश में भाजपा बहुमत वाला दल है, इसलिए ये तय माना जा रहा है कि रायसीना हिल के राष्ट्रपति भवन में मुर्मू ही बतौर राष्ट्रपति पहुंचेंगी। प्रदेश के BJP नेताओं को बस्तर, सरगुजा के आदिवासी इलाकों में उत्सव, नृत्य, संगीत, मेलों जैसे आयोजन करने को कहा गया है।

द्रौपदी मुर्मू के राष्ट्रपति बनने की घोषणा होते ही छत्तीसगढ़ के सरगुजा बस्तर जैसे इलाकों में जनजातीय वर्ग के बीच भाजपा नेता पहुंचेंगे। लोगों के बीच मुर्मू की जीत का जश्न मनाया जाएगा। पार्टी के नेताओं ने महसूस किया है कि ऐसे मौकों पर शहरों में तो माहौल बन जाता है मगर जनजातीय इलाके छूट जाते हैं, इसलिए इस बार खास फोकस जनजातीय इलाकों पर है।

हर वर्ग के नेता से मिले शिवप्रकाश
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने हर वर्ग के नेता से मुलाकात की। उन्होंने महामंत्री की बैठक, सोशल मीडिया, सूचना का अधिकार प्रकोष्ठ , प्रशिक्षण वर्ग,आंदोलनात्मक टोली व मोर्चा जनजाति समाज के पदाधिकारियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका को एकता के साथ एक मंच में लाने की आवश्यकता है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!