National

Asian Games 2023 : तजिंदरपाल सिंह ने गोला फेंक में जीता गोल्ड मेडल

नई दिल्ली। चीन के हांगझाऊ में खेले जा रहे एशियाई गेम्स में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत के स्टार शॉटपुट थ्रोअर तजिंदरपाल सिंह तूर ने गोला फेंक इवेंट में गोल्ड मेडल जीता है। इस तरह तजिंदरपाल सिंह तूर ने लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है। इससे पहले तजिंदरपाल सिंह तूर ने जकार्ता एशियाई खेलों में गोल्ड मेडल जीता था। तजिंदरपाल (2018 जकार्ता, 2023 हांग्जो) परदुमन सिंह बराड़ (1954 और 1958), जोगिंदर सिंह (1966 और 1970) और बहादुर सिंह चौहान (1978 और 1982) के बाद अपने एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल का बचाव करने वाले चौथे भारतीय शॉट पुटर बन गए हैं।

तूर ने एक शानदार पहली थ्रो के साथ शुरुआत की जो 20 मीटर के निशान के आसपास गिरी, लेकिन इसे नो थ्रो माना गया। उनका दूसरा थ्रो भी खारिज कर दिया गया। तूर ने अपने तीसरे प्रयास में अपना पहला लीगल थ्रो फेंका, जोकि 19.51 मीटर का था, उस समय तक सऊदी अरब के मोहम्मद दाउदा टोलो 19.93 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पहले स्थान पर चल रहे थे। इसके बाद तूर ने गोल्ड मेडल की स्थिति में आने के लिए अपने चौथे प्रयास में 20.06 का भारी थ्रो किया, लेकिन टोलो ने 20.18 मीटर थ्रो के साथ फिर से बढ़त हासिल कर ली, जबकि तूर अपने पांचवें थ्रो में चूक गए। उन्होंने अपने छठे प्रयास में 20.36 मीटर के विशाल थ्रो के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ थ्रो फेंका यह उनका आखिरी थ्रो भी था। सऊदी के टोलो भारतीय के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन से आगे नहीं निकल सके और उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!