National

Indigo: विमान उड़ान में देरी का एलान कर रहे पायलट पर यात्री ने किया हमला

नई दिल्ली । दिल्ली में एक विमान के उड़ान भरने में देरी को लेकर एक नाराज यात्री ने फ्लाइट के कैप्टन पर ही हमला बोल दिया। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में शख्स को पायलट को घूंसा मारते देखा जा सकता है। विमानन सुरक्षा एजेंसी ने इस घटना का संज्ञान लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि यह घटना तब हुई जब पायलट माइक्रोफोन पर यात्रियों को दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट के कोहरे के चलते लेट होने की जानकारी दे रहा था। इसी दौरान यात्री ने पायलट को घूंसा मार दिया। घटना रविवार की दोपहर एक बजे की है। यात्री की पहचान साहिल कटारिया के तौर पर की गई है। दिल्ली पुलिस ने इस घटना पर कहा, ‘आरोपी के खिलाफ हम उचित कानूनी कार्रवाई करेंगे।’ इंडिगो ने भी यात्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

लोगों ने की यात्री को नो-फ्लाई-लिस्ट में डालने की अपील

इस घटना का वीडियो वायरल होते ही लोगों की प्रतिक्रिया सामने आई। एक यूजर ने कहा, ‘उड़ान में देरी को लेकर पायलट क्या कर सकता है? वह केवल अपना काम कर रहा था। इस व्यक्ति को गिरफ्तार कर इसे नो-फ्लाई लिस्ट में डाल देना चाहिए। इसकी तस्वीर को सार्वजनिक करना चाहिए, जिससे की अन्य लोगों को इसके बुरे व्यवहार के बारे में मालूम होना चाहिए।’

वीडियो पर यूजर ने दिया रिएक्शन

वीडियो के वायरल होने के बाद X (पूर्व में ट्विटर) पर यूजर्स ने अपने रिएक्शन दिए है। एक यूजर ने लिखा, ‘पायलट या केबिन क्रू को देरी से क्या लेना-देना है? वे बस अपना काम कर रहे थे। इस आदमी को गिरफ्तार करें, और उसे नो-फ्लाई सूची में डाल दें।’वहीं, अन्य ने लिखा कि ‘यह पागलपन है, इस तरह के लोगों को उड़ान भरने से प्रतिबंधित किया जाना चाहिए या ब्लैक लिस्ट में डाला जाना चाहिए। चालक दल बिल्कुल भी सुरक्षित नहीं हैं।’

देरी से चल रही फ्लाइट्स, बढ़ी यात्रियों की परेशानी

विजिबिलिटी कम होने के कारण दिल्ली को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली कई फ्लाइट्स और ट्रेन देरी से चल रही हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ने घने कोहरे की चेतावनी दी है और यात्रियों को फ्लाइट के बारे में भी अपडेट किया है। बता दें कि घने कोहरे के कारण कई फ्लाइट्स देरी से चल रही है। आज 110 उड़ानों में देरी हुई और 79 उड़ानें रद्द कर दी गई है। साथ ही फ्लाइट्स की औसत देरी 50 मिनट तक पहुंच गई, जिससे पहले से ही जूझ रहे यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।

एयरलाइंस ने दी चेतावनी

कल, दिल्ली हवाई अड्डे पर आने और जाने वाली कई उड़ानों में देरी हुई। इंडिगो, स्पाइसजेट और विस्तारा जैसी प्रमुख एयरलाइनों ने चेतावनी दी है कि दिल्ली और कोलकाता में चल रही खराब मौसम की स्थिति उड़ान को और प्रभावित कर सकती है।

Desk idp24

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!