Independence Day: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस परेड ग्राउंड में फहराया तिरंगा, कही ये बात

रायपुर: मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज पुलिस परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परेड की सलामी भी ली। सीएम ने देश की आजादी की 75 वीं वर्षगांठ पर प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि इस साल भारत को आजादी मिले 75 साल पूरे हो रहे हैं। इस खुशी में पूरा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है।
उन्होंने कहा कि हजारों लोगों के कठिन संघर्ष, त्याग और बलिदान से हमें यह अमूल्य आजादी मिली है। अलग-अलग जाति, धर्म, खान-पान, बोली-भाषा और भौगोलिक विविधता वाले भारत की आजादी के बाद उसके स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में सफल होने की आशंका जताई गई थी। लेकिन अनेक चुनौतियों के बावजूद आज भारत पूरे विश्व में सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। आजादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले सभी अनाम योद्धाओं, शहीदों और वीर जवानों को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा है कि जिनके बलबूते आज हम आजाद वातावरण में सांस ले रहे हैं, उन्हें याद कर मन सम्मान और गर्व से भर जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे पुरखों ने आजादी के बाद जिस लोकतंत्रात्मक गणराज्य का सपना देखा था, उसे पूरा करना हम सब की जिम्मेदारी है। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए राज्य सरकार गांधीवादी सोच के साथ ‘गढ़बो नवा छत्तीसगढ़‘ की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। राज्य सरकार की प्राथमिकता समाज के सबसे कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने, गांवों को मजबूत करने और हर व्यक्ति तक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की है। बुनियादी स्तर पर गांवों को मजबूत करने के लिए किसानों और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल की गई है। इसके लिए सुराजी गांव योजना, ’राजीव गांधी किसान न्याय योजना‘, गोधन न्याय योजना, गौ-मूत्र खरीदी, भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना जैसी कई लोक हितैषी योजनाएं शुरू की गई हैं।







