
नई दिल्लीः देश के 14वें उपराष्ट्रपति के रूप में जगदीप धनखड़ की आज विधिवत ताजपोशी हो गई है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में जगदीप धनखड़ को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उप राष्ट्रपति का चुनाव लड़ने से पहले जगदीप धनखड़ पश्चिम बंगाल के उपराज्यपाल रहे। उपराष्ट्रपति के रूप में जगदीप धनखड़ के शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, निर्वतमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति वैंकया नायडु समेत पक्ष-विपक्ष के कई नेताओं और गणमान्य लोगों ने शिरकत की। इसके लिए राष्ट्रपति भवन में खास तैयारियां की गईं थी।
बता दें कि जगदीप धनखड़ ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के उम्मीदवार के तौर पर उपराष्ट्रपति चुनाव लड़ा था। उन्होंने विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराकर उपराष्ट्रपति चुनाव जीता। उपराष्ट्रपति चुनाव में कुल 725 वोट डाले गए थे, जिनमें 710 वोट वैध माने गए जबकि 15 वोट अवैध करार दिए गए थे। जगदीप धनखड़ को 528 वोट मिले थे मार्गरेट अल्वा को 182 वोट ही मिल पाए थे। इस प्रकार धनखड़ ने बड़े अंतर से मार्गरेट अल्वा को शिकस्त दे दी थी।









